विराम चिह(Punctuation Mark) की परिभाषा
भित्र-भित्र प्रकार के भावों और विचारों को स्पष्ट करने के लिए जिन चिह्नों का प्रयोग वाक्य के बीच या अंत में किया जाता है, उन्हें 'विराम चिह्न' कहते है।
दूसरे शब्दों में- विराम का अर्थ है - 'रुकना' या 'ठहरना' । वाक्य को लिखते अथवा बोलते समय बीच में कहीं थोड़ा-बहुत रुकना पड़ता है जिससे भाषा स्पष्ट, अर्थवान एवं भावपूर्ण हो जाती है। लिखित भाषा में इस ठहराव को दिखाने के लिए कुछ विशेष प्रकार के चिह्नों का प्रयोग करते हैं। इन्हें ही विराम-चिह्न कहा जाता है।
सरल शब्दों में- अपने भावों का अर्थ स्पष्ट करने के लिए या एक विचार और उसके प्रसंगों को प्रकट करने के लिए हम रुकते हैं। इसी को विराम कहते है।
इन्हीं विरामों को प्रकट करने के लिए हम जिन चिह्नों का प्रयोग करते है, उन्हें 'विराम चिह्न' कहते है।
यदि विराम-चिह्न का प्रयोग न किया जाए तो अर्थ का अनर्थ हो जाता है।
जैसे- (1)रोको मत जाने दो।
(2)रोको, मत जाने दो।
(3)रोको मत, जाने दो।
इस प्रकार विराम-चिह्न लगाने से दूसरे और तीसरे वाक्य को पढ़ने में तथा अर्थ स्पष्ट करने में जितनी सुविधा होती है उतनी पहले वाक्य में नहीं होती।
अतएव विराम-चिह्नों के विषय में पूरा ज्ञान होना आवश्यक है।
विराम चिह्न की आवश्यकता-
'विराम' का शाब्दिक अर्थ होता है, ठहराव। जीवन की दौड़ में मनुष्य को कहीं-न-कहीं रुकना या ठहरना भी पड़ता है। विराम की आवश्यकता हर व्यक्ति को होती है। जब हम करते-करते थक जाते है, तब मन आराम करना चाहता है। यह आराम विराम का ही दूसरा नाम है। पहले विराम होता है, फिर आराम। स्पष्ट है कि साधारण जीवन में भी विराम की आवश्यकता है।
लेखन मनुष्य के जीवन की एक विशेष मानसिक अवस्था है। लिखते समय लेखक यों ही नहीं दौड़ता, बल्कि कहीं थोड़ी देर के लिए रुकता है, ठहरता है और पूरा (पूर्ण) विराम लेता है। ऐसा इसलिए होता है कि हमारी मानसिक दशा की गति सदा एक-जैसी नहीं होती। यही कारण है कि लेखनकार्य में भी विरामचिह्नों का प्रयोग करना पड़ता है।
यदि इन चिन्हों का उपयोग न किया जाय, तो भाव अथवा विचार की स्पष्टता में बाधा पड़ेगी और वाक्य एक-दूसरे से उलझ जायेंगे और तब पाठक को व्यर्थ ही माथापच्ची करनी पड़ेगी।
पाठक के भाव-बोध को सरल और सुबोध बनाने के लिए विरामचिन्हों का प्रयोग होता है। सारांश यह कि वाक्य के सुन्दर गठन और भावाभिव्यक्ति की स्पष्टता के लिए इन विरामचिह्नों की आवश्यकता और उपयोगिता मानी गयी है।
हिन्दी में प्रयुक्त विराम चिह्न- हिन्दी में निम्नलिखित विरामचिह्नों का प्रयोग अधिक होता है-
हिंदी में प्रचलित प्रमुख विराम चिह्न निम्नलिखित है-
(1) अल्प विराम (Comma)( , )
(2) अर्द्ध विराम (Semi colon) ( ; )
(3) पूर्ण विराम(Full-Stop) ( । )
(4) उप विराम (Colon) [ : ]
(5) विस्मयादिबोधक चिह्न (Sign of Interjection)( ! )
(6) प्रश्नवाचक चिह्न (Question mark) ( ? )
(7) कोष्ठक (Bracket) ( () )
(8) योजक चिह्न (Hyphen) ( - )
(9) अवतरण चिह्न या उद्धरणचिह्न (Inverted Comma) ( ''... '' )
(10) लाघव चिह्न (Abbreviation sign) ( o )
(11) आदेश चिह्न (Sign of following) ( :- )
(12) रेखांकन चिह्न (Underline) (_)
(13) लोप चिह्न (Mark of Omission)(...)
(1)अल्प विराम (Comma)(,) - वाक्य में जहाँ थोड़ा रुकना हो या अधिक वस्तुओं, व्यक्तियों आदि को अलग करना हो वहाँ अल्प विराम ( , ) चिह्न का प्रयोग किया जाता है।
अल्प का अर्थ होता है- थोड़ा। अल्पविराम का अर्थ हुआ- थोड़ा विश्राम अथवा थोड़ा रुकना। बातचीत करते समय अथवा लिखते समय जब हम बहुत-सी वस्तुओं का वर्णन एक साथ करते हैं, तो उनके बीच-बीच में अल्पविराम का प्रयोग करते है; जैसे-
(a)भारत में गेहूँ, चना, बाजरा, मक्का आदि बहुत-सी फसलें उगाई जाती हैं।
(b) जब हम संवाद-लेखन करते हैं तब भी अल्पविराम-चिह्न का प्रयोग किया जाता है;
जैसे- नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने कहा, ''तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूँगा।''
(c) संवाद के दौरान 'हाँ' अथवा 'नहीं' के पश्चात भी इस चिह्न का प्रयोग होता है; जैसे-
रमेश : केशव, क्या तुम कल जा रहे हो ?
केशव : नहीं, मैं परसों जा रहा हूँ।
इसके कुछ मुख्य नियम इस प्रकार हैं-
(i) वाक्य में जब दो से अधिक समान पदों और वाक्यों में संयोजक अव्यय 'और' आये, वहाँ अल्पविराम का प्रयोग होता है। जैसे-
पदों में- राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न राजमहल में पधारे।
वाक्यों में- वह जो रोज आता है, काम करता है और चला जाता है।
(ii) जहाँ शब्दों को दो या तीन बार दुहराया जाय, वहाँ अल्पविराम का प्रयोग होता है।
जैसे- वह दूर से, बहुत दूर से आ रहा है।
सुनो, सुनो, वह क्या कह रही है।
नहीं, नहीं, ऐसा कभी नहीं हो सकता।
(iii) जहाँ किसी व्यक्ति को संबोधित किया जाय, वहाँ अल्पविराम का चिह्न लगता है।
जैसे- भाइयो, समय आ गया है, सावधान हो जायँ।
प्रिय महराज, मैं आपका आभारी हूँ।
सुरेश, कल तुम कहाँ गये थे ?
देवियो, आप हमारे देश की आशाएँ है।
(iv)जिस वाक्य में 'वह', 'तो', 'या', 'अब', इत्यादि लुप्त हों, वहाँ अल्पविराम का प्रयोग होता है।
जैसे- मैं जो कहता हूँ, कान लगाकर सुनो। ('वह' लुप्त है।)
वह कब लौटेगा, कह नहीं सकता। ('यह' लुप्त है। )
वह जहाँ जाता है, बैठ जाता है। ('वहाँ' लुप्त है। )
कहना था सो कह दिया, तुम जानो। ('अब' लुप्त है।)
(v)यदि वाक्य में प्रयुक्त किसी व्यक्ति या वस्तु की विशिष्टता किसी सम्बन्धवाचक सर्वनाम के माध्यम से बतानी हो, तो वहाँ अल्पविराम का प्रयोग निम्रलिखित रीति से किया जा सकता है-
मेरा भाई, जो एक इंजीनियर है, इंगलैण्ड गया है
दो यात्री, जो रेल-दुर्घटना के शिकार हुए थे, अब अच्छे है।
यह कहानी, जो किसी मजदूर के जीवन से सम्बद्ध है, बड़ी मार्मिक है।
(vi) अँगरेजी में दो समान वैकल्पिक वस्तुओं तथा स्थानों की 'अथवा', 'या' आदि से सम्बद्ध करने पर उनके पहले अल्पविराम लगाया जाता है।
जैसे- Constantinople, or Istanbul, was the former capital of Turkey.
Nitre,or salt petre,is dug from the earth.
(vii)इसके ठीक विपरीत, दो भित्र वैकल्पिक वस्तुओं तथा स्थानों को 'अथवा', 'या' आदि से जोड़ने की स्थिति में 'अथवा', 'या' आदि के पहले अल्पविराम नहीं लगाया जाता है।
जैसे- I should like to live in Devon or Cornwall .
He came from kent or sussex.
(viii)हिन्दी में उक्त नियमों का पालन, खेद है, कड़ाई से नहीं होता। हिन्दी भाषा में सामान्यतः 'अथवा', 'या' आदि के पहले अल्पविराम का चिह्न नहीं लगता।
जैसे - पाटलिपुत्र या कुसुमपुर भारत की पुरानी राजधानी था।
कल मोहन अथवा हरि कलकत्ता जायेगा।
(ix) किसी व्यक्ति की उक्ति के पहले अल्पविराम का प्रयोग होता है।
जैसे- मोहन ने कहा, ''मैं कल पटना जाऊँगा। ''
इस वाक्य को इस प्रकार भी लिखा जा सकता है- 'मोहन ने कहा कि मैं कल पटना जाऊँगा।' कुछ लोग 'कि' के बाद अल्पविराम लगाते है, लेकिन ऐसा करना ठीक नहीं है। यथा-
राम ने कहा कि, मैं कल पटना जाऊँगा।
ऐसा लिखना भद्दा है। 'कि' स्वयं अल्पविराम है; अतः इसके बाद एक और अल्पविराम लगाना कोई अर्थ नहीं रखता। इसलिए उचित तो यह होगा कि चाहे तो हम लिखें- 'राम ने कहा, 'मैं कल पटना जाऊँगा', अथवा लिखें- 'राम ने कहा कि मैं कल पटना जाऊँगा' ।दोनों शुद्ध होंगे।
(x) बस, हाँ, नहीं, सचमुच, अतः, वस्तुतः, अच्छा-जैसे शब्दों से आरम्भ होनेवाले वाक्यों में इन शब्दों के बाद अल्पविराम लगता है।
जैसे- बस, हो गया, रहने दीजिए।
हाँ, तुम ऐसा कह सकते हो।
नहीं, ऐसा नहीं हो सकता।
सचमुच, तुम बड़े नादान हो।
अतः, तुम्हे ऐसा नहीं कहना चाहिए।
वस्तुतः, वह पागल है।
अच्छा, तो लीजिए, चलिए।


0 Comments